प्याज की बढ़ती कीमत और किसानों की समस्या को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेसियों का प्रदर्शन Lucknow News

लखनऊ, जेएनएन। देश भर में बढ़ रही प्याज की कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ से लेकर अमेठी गौरीगंज, सीतापुर, हरदोई समेत प्रदेश भर में प्रदर्शन हुआ। लखनऊ में बुधवार को प्याज की बढ़ती कीमतों व किसानो की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की वजह से सड़क पर भीषण जाम लग गया। वहीं कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित करते हुए ज्ञापन सौंपा। वहीं अमेठी में भी भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।


कार्यकर्ताआं की मांग थी कि प्याज के बढ़ते हुए दामों पर नियंत्रण किया जाए। जिसकी वजह से प्याज आम आदमी की प्लेट से दूर हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पराली जलाने वाले किसानों पर हुए मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की। शहर भर में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली जिसके बाद वे कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे जहां उन्होंने राज्यपाल संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन में कांग्रेस एमएलसी  दीपक सिंह व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में निकाला गया। प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।